18 Feb 2026
लखनऊ, 18 फरवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बुधवार को प्रश्नकाल में प्रदेश की बिजली व्यवस्था से कई प्रश्न उठे। सरकार का पक्ष रखते हुए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार में 2017 की अपेक्षा बिजली उपभोक्ता अब दोगुना हो गए हैं। सदन में आज सदस्य अतुल प्रधान के सवाल पर ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बताया कि 2017 में एक लाख 20 हजार मजरों का विद्युतीकरण हुआ था। अब तक दो लाख 50 हजार मजरों का विद्युतीकरण किया गया है। डॉ रागिनी के सवाल पर शर्मा ने कहा कि हम लाइफ लाइन कंज्यूमर (गरीब जो कम बिजली खर्च करते हैं) को विशेष सुविधा दे रहे हैं। प्रदेश में हमारे तीन करोड़ 72 लाख ग्राहक हैं। 2017 में 01 करोड़ 80 लाख ग्राहक थे। कुल ग्राहकों में से एक करोड़ 68 लाख लाइफ लाइन कंज्यूमर हैं। उन्हाेंने बताया कि पहली बार राज्य में बकाया बिजली पर ब्याज 100 फीसदी माफ और 25 फीसदी मूलधन माफ किया है। सरकार को 4 हजार 600 करोड़ मिला है। इसका लाभ आठ हजार करोड़ से अधिक ग्राहकों को मिला है। विपक्ष के राकेश वर्मा के एक अन्य सवाल पर एके शर्मा ने कहा कि जितनी बिजली आप पैदा कर रहे थे, उतनी बिजली हमारी सरकार में सोलर से पैदा हो रही सदन में प्रश्नकाल में विपक्ष के सदस्याें ने सड़कों की स्थिति जुड़े सवाल उठाये। समाजवादी पार्टी के विधायक अनिल प्रधान के सवाल पर संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सदस्य को मालूम होना चाहिए। प्रदेश में अब योगी सरकार है। यह पहले वाले समय को समझ रहे हैं। उसी हिसाब से सड़कों के हाल पर बोल रहे हैं। अब सड़कों की हालत बहुत अच्छी है। पहले इनकी सरकार में सड़क निर्माण के बाद आठ साल में मरम्मत की व्यवस्था थी। उसे हमने कम करते हुए पांच साल कर दिया है। सड़क निर्माण के बाद अब पांच साल में सड़क रिपेयर की जाती है। रही बात चित्रकूट की करें तो वहां 150 सड़कें बनीं। आपकी विधानसभा में वर्ष 2025-26 में 205 किलोमीटर पैचवर्क का कार्य किया गया। इस सरकार में सड़क की स्थिति ठीक हुई है। हकीकत यह है कि जिन मार्गों से चार से पांच घंटे यात्रा करने में लगता था, उनपर दो ढाई घण्टे लग रहे हैं।