13 Feb 2026
इंफाल, 13 फरवरी (हि.स.)। मणिपुर में बीते 24 घंटे के दौरान चलाए गए विशेष अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन प्रीपाक (प्रीपाक) के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार उग्रवादी की पहचान हाओबिजाम मनाओटन सिंह उर्फ लाकपा उर्फ टोन (24) के रूप में की गई है। वह बिष्णुपुर जिले के मोइरांग खुनौ माखा लैकाई का निवासी है तथा वर्तमान में केइबुल थाना अंतर्गत मोइरांग खुनौ हिजाम खोंगनांगखोंग लैकाई में रह रहा था। उसे उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। इसी क्रम में एक अन्य अभियान में मणिपुर पुलिस ने प्रीपाक के एक और कैडर अंगोम रोमियो मैतेई उर्फ तयाई उर्फ निंगथेम (38) को गिरफ्तार किया। वह इंफाल पश्चिम जिले के थांगमेइबंद सिनाम लैकाई का निवासी है। उसे बिष्णुपुर जिले के मोइरांग थाना क्षेत्र अंतर्गत मोइरांग बाजार थांगा पार्किंग से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, वह अगस्त 2024 में इंफाल पश्चिम जिले के लाइरेनजाम आवांग लैकाई में हुई फायरिंग की घटना में शामिल था। इसके अलावा वह प्रतिबंधित संगठन के लिए नए कैडरों की भर्ती भी कर रहा था। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।