15 Feb 2026
फर्रुखाबाद,15 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में थाना मेरापुर क्षेत्र में रविवार को प्रातः 4 बजे दावत से लौट रहे युवक की कार बिजली के पोल से टकराकर पलट गई। इस हादसे में कार चालक की मौके पर मौत हो गई जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
थाना क्षेत्र के ग्राम अछरौडा निवासी चंद्र प्रकाश का पुत्र मोहनलाल (30) गांव के कमलेश राजपूत की स्विफ्ट डिजायर कार से बीती रात शनिवार को थाना कमालगंज के ग्राम गोपालपुर दावत में गया था। मोहनलाल भोर करीब 4 बजे कार चला कर घर वापस आ रहा था। जैसे ही वह मेरापुर थाना क्षेत्र के बहादुर नगला के पास से गुजर रहा था, तभी कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराकर झाड़ियों में जाकर पलट गई। सूचना मिलने पर 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और कार के शीशे तोड़कर मोहनलाल और उसके साथी को बाहर निकाला।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि पुलिस ने जब तक कार चालक को बाहर निकाला उसकी सांसें थम चुकी थी। वहीं घायल कमलेश राजपूत को लोहिया अस्पताल भेजा गया। पूछताछ में पता चला है कि मृतक सराय स्थित एक देसी शराब ठेके पर काम करता था। मौत की जानकारी पर उसकी पत्नी सपना आदि परिवारिक लोग आ गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्मार्टम के लिए भेज दिया गया है।