18 Feb 2026
इंफाल, 18 फरवरी (हि.स.)। मणिपुर के अलग-अलग हिस्सों में पुलिस एवं सुरक्षा बलों की ओर से चलाए गए अभियान में दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। मणिपुर पुलिस मुख्यालय के अनुसार, मंगलवार को सुरक्षा बलों ने इंफाल ईस्ट जिले के लामलाई थाना क्षेत्र के चाना मायाई लेइकाई से आरपीएफपीएलए के एक कैडर अथोकपम मनाओटन मैतेई उर्फ तामानाओ उर्फ मालेम उर्फ अमुजाओ (42) को सवोमबुंग इलाके से गिरफ्तार किया। एक अन्य अभियान में इसी दिन सुरक्षा बलों ने इंफाल ईस्ट जिले के याइंगांगपोकपी थाना क्षेत्र के याइंगांगपोकपी बाजार से पीएलए के स्वयंभू लेफ्टिनेंट निंगथौजम इबुंगोचा उर्फ साथौबा मैतेई (38) को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किया गया। अभियान की अन्य कड़ी में सुरक्षा बलों ने इंफाल वेस्ट जिले के पाटसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत लोंगा कोइरेंग की ओर न्गाइरंगबाम तनौखुल रोड के किनारे से भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किया। बरामद सामान में एक डबल बैरल बंदूक, एक देसी पिस्तौल और एक मैगजीन, विभिन्न कैलिबर के 181 जिंदा कारतूस, तीन मैगजीन, दो हैंड ग्रेनेड (36 नंबर), एक डेटोनेटर, एक बाओफेंग वायरलेस हैंडसेट और चार्जर शामिल हैं। सुरक्षा बलों ने एक अन्य अभियान के दौरान उखरुल जिले के लिटन थाना क्षेत्र के मोंगकोट चेपू में बनाए गए चार बंकरों को भी नष्ट कर दिया। इस दौरान 24 खाली कारतूस (ईएफसी) भी बरामद किए गए, हालांकि इस अभियान में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। पुलिस और सुरक्षा बल पूरे राज्य में उग्रवादियों और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे हैं।