14 Feb 2026
सुलतानपुर, 14 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के कुड़वार थानाक्षेत्र स्थित मीरापुर गांव में शनिवार को एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राम तेज के रूप में हुई है। उनका शव घर के पीछे बाउंड्रीवॉल के पास खून से लथपथ मिला। पुलिस शव को पोस्टमार्टम भेजकर इस मामले में एक महिला काे हिरासत में लिया हैं, जिसे रामतेज ने एक साल पहले अपनी पत्नी के रूप में अपने घर पर रखा था। सीओ सिटी सौरभ सामंत ने बताया कि पीआरवी को सूचना मिली कि, मीरापुर गांव निवासी रामतेज (65) शुक्रवार काे घर से बाहर नहीं निकले।उनके घर का दरवाजा भी अंदर से बंद हैं। पीआरवी टीम ने दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया ताे देखा कि बाउंड्रीवॉल के पास रामतेज का शव खून से सना हुआ पड़ा है। शव के पास से एक ईंट और एक कुल्हाड़ी बरामद हुई है। आशंका है कि इन्हीं वस्तुओं से बुजुर्ग पर हमला करके हत्या की गई है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए साक्ष्य संकलन किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की। सीओ सामंत ने बताया कि रामतेज कोरी ने पिछले साल एक 45 वर्षीय महिला को अपनी पत्नी के रूप में रखा था, जो सड़कों पर घूमती रहती थी। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।