14 Mar 2026
भुवनेश्वर, 14 मार्च (हि.स.)। राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर 16 मार्च को निर्धारित ओडिशा विधानसभा का सत्र रद्द कर दिया गया है। इसी दिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। विधानसभा की कार्य परामर्शदाता समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में तय किया गया कि 16 मार्च के लिए सूचीबद्ध प्रश्नों के उत्तर अब 17 मार्च (मंगलवार) को सदन में पेश किए जाएंगे। वहीं, 24 फरवरी को सदन में पारित 2026–27 के बजट के तहत स्कूल एवं जन शिक्षा तथा उच्च शिक्षा विभाग से संबंधित अनुदान मांगों पर चर्चा और मतदान 20 मार्च को किया जाएगा। अब विधानसभा की कार्यवाही 17 मार्च (मंगलवार) को सुबह 10:30 बजे से फिर शुरू होगी।