11 Feb 2026
हमीरपुर, 11 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे में कफ सिरप पीने से एक बच्चे की मौत के मामले में बुधवार को देर शाम पुलिस ने तहरीर के आधार पर महिला स्वास्थ्य कर्मी के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने मुकदमा लिखकर जांच शुरू कर दी है। इधर सीएमओ ने भी इस कर्मी की सेवाएं समाप्त करने के लिए संस्तुति पत्र कम्पनी को भेजा है। मौदहा कस्बे के सिचौलीपुरवा मोहाल निवासी ब्रजेश वर्मा के दो साल के पुत्र कार्तिक को महिला स्वास्थ्य कर्मी उमा सिंह ने कफ सिरप पीने को दिया था। सिरप पीने के बाद बच्चे की हालत गंभीर हो गई। उसे तत्काल सीएचसी मौदहा ले जाया गया जहां डाँक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया था। इस घटना को लेकर एसडीएम करण वीर सिंह, सीओ आरके पांडेय व ड्रग इंस्पेक्टर मनोज सिंह ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। डाक्टरों के पैनल से बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि परिजन की तहरीर पर महिला स्वास्थ्य कर्मी के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। सीएमओ डाँ.गीतम सिंह ने बताया कि महिला स्वास्थ्य कर्मी उमा सिंह अरतरा में सरकारी स्वास्थ्य केद्र में वार्ड आया के पद तैनात है। इसके खिलाफ टीम से जांच कराई गई है। बताया कि ये आउटसोसिंग कर्मी है जिसकी सेवाएं समाप्त करने के लिए कम्पनी को लेटर भेजा गया है।