12 Feb 2026
बलिया, 12 फ़रवरी (हि.स.)। बलिया के केन्द्रीय विद्यालय में कार्यरत शिक्षक की गुरू-शिष्य परम्परा को तार-तार करने वाली घिनौनी करतूत सामने आई है। आठवीं की छात्रा के साथ दुष्कर्म के आरोपी 33 वर्षीय शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अम्बेडकर नगर जिले के थाना राजे सुल्तानपुर के चाँदीपुर खुर्द निवासी नित्यानंद उपाध्याय शहर से सटे पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय जीराबस्ती में बतौर शिक्षक कार्यरत है। उस पर आरोप हैं कि वह आठवीं कक्षा की एक छात्रा को काफी दिनों से परेशान कर रहा था। उसने छात्रा शाे धमका कर दुष्कर्म किया तो इस घिनौने कृत्य की जानकारी छात्रा ने अपने परिजनों को दी। जिसके बाद परिजनों ने बुधवार को सुखपुरा थाने में शिकायत की। गुरू-शिष्य परम्परा को तार-तार करने वाली इस हरकत की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। आरोपित शिक्षक नित्यानंद उपाध्याय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगा दी गई थी। सुखुपुरा थाना प्रभारी रत्नेश दूबे ने गुरुवार को बताया कि शिक्षक द्वारा छात्रा के साथ दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगी थी। इसी क्रम में गुरुवार को अभियुक्त नित्यानन्द उपाध्याय पुत्र अशोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपित शिक्षक को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।