31 Jan 2026
सुलतानपुर, 31 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में भाजपा की जिला प्रभारी व प्रदेश मंत्री मीना चौबे ने कहा कि एसआईआर लोकतंत्र का पावन पर्व है,इसमें कार्यकर्ता पूरी ताकत और तन्मयता से लगकर नये वोटर को नाम जोड़ने और फार्म -7 के माध्यम से बोगस वोटरों का नाम हटवाने पर फोकस करें। कार्यकर्ता पारदर्शी वोटर लिस्ट बनवाने में अपना अहम योगदान दें। एसआईआर को लेकर तीन दिवसीय प्रवास के दौरान शनिवार को लंभुआ विधानसभा क्षेत्र के लंभुआ मंडल के शक्ति केंद्र नरहरपुर के बूथ संख्या 268 तथा शक्ति केंद्र लंभुआ के बूथ संख्या 243, 244 एवं 245 का निरीक्षण किया। इसके पश्चात भदैया मंडल के शक्ति केंद्र बभनगवां के बूथ संख्या 250 एवं 251 पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने बनकेपुर बूथ संख्या 174,लौहर पश्चिम बूथ संख्या 169 एवं दूबेपुर बूथ संख्या 298 पर जाकर फार्म - 6 व 7 की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जिला महामंत्री विजय त्रिपाठी, पूर्व जिला महामंत्री संजय सिंह सोमवंशी, शेर बहादुर सिंह जगदीश मिश्रा , विपिन पाण्डेय आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में भाजपा मीडिया प्रमुख विजय सिंह रघुवंशी ने इसौली विधानसभा के शिवनगर मण्डल अन्तर्गत दाऊदपुर शक्ति केन्द्र के बूथ संख्या 293, 294, 295 एवं 296 पर नये वोटर का नाम बढ़ाने,बोगस मतदाताओं के नाम हटवाने की प्रक्रिया की जानकारी ली। इस मौके पर शक्ति केंद्र संयोजक राजेश गुप्ता,मण्डल महामंत्री रवि शंकर मिश्रा,बूथ अध्यक्ष हरिओम, शिवप्रताप सिंह, आकाश शर्मा आदि मौजूद रहे।