30 Jan 2026
बीकानेर, 30 जनवरी (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चल रहे ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत जयपुर से आए केंद्रीय दल और जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संयुक्त कार्रवाई की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि देर शाम रानी बाजार स्थित पंचमुखा हनुमान मंदिर रोड पर मैसर्स सुमन एंटरप्राइजेज का निरीक्षण एवं नमूनीकरण किया गया। कार्रवाई के दौरान गोदाम से अमूल ब्रांड घी के तीन और परम ब्रांड घी का एक—कुल चार नमूने लिए गए। जांच रिपोर्ट आने तक 1,525 किलोग्राम घी सीज किया गया। इसके अतिरिक्त, बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र से मटर नमकीन के तीन नमूने भी लिए गए। सभी नमूनों को जनस्वास्थ्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में केंद्रीय दल से खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार शर्मा और अमित शर्मा, तथा सीएमएचओ कार्यालय, बीकानेर से खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा और भानू प्रताप सिंह शामिल रहे।