30 Jan 2026
नई दिल्ली, 30 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर विधानसभा परिसर में उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर महात्मा गांधी के स्वतंत्रता संग्राम में अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए गुप्ता ने कहा कि गांधीजी का जीवन और उनका बलिदान आज भी राष्ट्र की लोकतांत्रिक चेतना और सामूहिक अंतरात्मा का मार्गदर्शन करता है।
इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधानसभा के सदस्य तथा दिल्ली विधानसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और सभी ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि गांधीजी को नमन करते हैं, जिनके बलिदान ने भारत की स्वतंत्रता को सत्य, अहिंसा और निःस्वार्थ सेवा के उच्चतम आदर्शों से पवित्र किया। उनका जीवन हमें सिखाता है कि नैतिक बल और आचारिक शुचिता ही स्थायी सुशासन और राष्ट्रीय एकता की सुदृढ़ नींव हैं।
दिल्ली विधानसभा भवन की ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए अध्यक्ष ने कहा कि गांधीजी के विचारों और आंदोलनों ने भारत की संसदीय लोकतांत्रिक परंपराओं को गहराई से प्रभावित किया। विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि सत्य और अहिंसा का मार्ग एक सशक्त, आत्मनिर्भर और समरस भारत के निर्माण के लिए आज भी अत्यंत आवश्यक है। आज महात्मा गांधी को स्मरण करते हुए हम यह संकल्प लेते हैं कि उनके द्वारा स्थापित संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप ईमानदारी, पारदर्शिता और निःस्वार्थ सेवा की भावना के साथ राष्ट्र की सेवा करेंगे।