11 Apr 2026
भोपाल, 11 अप्रैल (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल शहर के 10 नंबर मार्केट में शनिवार को नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के दौरान एक सनसनीखेज घटना सामने आई। कार्रवाई से नाराज एक दुकानदार ने विरोध स्वरूप खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता से समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए बाजार पहुंची थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अतिक्रमण प्रभारी श्रृष्टि भदौरिया अपनी टीम के साथ कार्रवाई कर रही थीं। इसी दौरान एक दुकानदार ने नाराजगी जताते हुए अचानक खुद को आग के हवाले कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों की तत्परता से बची जान आग लगते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और आग बुझा दी। कुछ ही सेकंड की देरी से स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। निगम का पक्ष: पहले ही दी गई थी चेतावनी अतिक्रमण प्रभारी श्रृष्टि भदौरिया के अनुसार, संबंधित दुकानदार पार्किंग एरिया में नींबू पानी का ठेला लगा रहा था, जिसे पिछले 10 दिनों से हटाने के निर्देश दिए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्किंग स्थल पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं है और टीम पर दबाव बनाने के लिए यह कदम उठाया गया। व्यापारियों में नाराजगी, कार्रवाई पर उठे सवाल घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश देखने को मिला। उनका आरोप है कि निगम की कार्रवाई चयनात्मक है और कुछ ही दुकानों को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे पक्षपात के आरोप लग रहे हैं। कपड़े जले, हालत स्थिर आग की चपेट में आने से दुकानदार के कपड़े जल गए और वह मामूली रूप से झुलस गया। साथी व्यापारियों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। शहर में अतिक्रमण को लेकर बढ़ रहा तनाव भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-6 पर अतिक्रमण की वजह से व्यापारियों में नाराजगी है। शनिवार को अतिक्रमण की वजह से ट्रैफिक जाम के हालात बन गए।