16 Jan 2026
- थीम पवेलियन में पहुँच रही है सबसे ज़्यादा युवाओं की भीड़ - सेना के जवानों के साथ ले रहे हैं सेल्फी - सरकार के पहल का हो रहा है असर नई दिल्ली, 16 जनवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 2026 इस बार कई मायनों में ख़ास है । पहली बार इस मेले का थीम “भारतीय सैन्य इतिहास: शौर्य एवं विवेक @75” रखा गया है। इसका असर यह हुआ है कि इस बार मेले में आने वाले लोग सैन्य इतिहास और शौर्य गाथाओं से जुड़ी किताबे खरीद रहे हैं। इनसे जुड़ी जानकारी ले रहे हैं और यहां सैनिकों के बने कटआउट के साथ सेल्फी ले रहे हैं। सेल्फी लेने वालों में युवाओं के साथ साथ बड़े लोग और महिलायें तक शामिल हैं। डायमंड बुक के निदेशक एनके वर्मा कहते हैं कि पुस्तक मेले में इस बार अन्य किताबों की तरह शौर्य गाथाओं वाली किताबों की भारी मांग है । इसके अलावा वीरांगनाओं पर आधारित किताबें भी बिक रही हैं । सरकार ने इस थीम के माध्यम से एक तरह से बच्चों और युवाओं में सेना और उससे जुड़े कार्यकर्मों से लेकर वीर जवानों के जीवन के बारे में जानने समझने की रुचि पैदा कर दी है । यह एक तरह से सरकार की सफलता है । कुछ ऐसी ही बात प्रभात प्रकाशन के निदेशक प्रभात कुमार भी कहते हैं । वो कहते हैं कि इस बार पुस्तक मेले में आने वाले लोगों (पाठक ) नायकों के बारे में जानना चाहते हैं । शौर्य पराक्रम पर आधारित पुस्तकें डिमांड में हैं । परमवीर चक्र विजेता पर हमने किताबें छापी हैं । युवा पीढ़ी इन किताबों को देख रही है और खरीद भी रही है । एक दिन शौर्य गाथा वाली किताबों की ऐसी डिमांड बढ़ेगी कि मत पूछिए । इस पुस्तक मेले का थीम सेना से जोड़कर रखना एक तरह से सेना का सम्मान करना और हमारे वीर जवानों को सम्मान देना है । साथ ही पाठको को उनकी देशभक्ति से रूबरू कराना भी है ।