25 Feb 2026
नई दिल्ली, 25 फ़रवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। एआई शिखर सम्मेलन में अर्धनग्न प्रदर्शन के मामले में गिरफ्तार किए गए भारतीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभानु चिब के समर्थन में बुधवार को कार्यकर्ताओं ने शिवाजी ब्रिज रेलवे स्टेशन पर रेल रोको आंदोलन किया। प्रदर्शन के दौरान कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी का झंडा लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पटरियों पर उतर गए और नई दिल्ली की ओर जा रही मेमू ट्रेन को रोक दिया। कुछ कार्यकर्ताओं ने ट्रेन के सामने बैठकर और कुछ ने इसके अगले हिस्से पर चढ़कर नारेबाजी की। भारतीय युवा कांग्रेस ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि अध्यक्ष उदयभानु चिब और अन्य साथियों की गिरफ्तारी के विरोध में रेल रोको आंदोलन कर स्पष्ट संदेश दिया गया है। पोस्ट में कहा गया कि जब लोकतांत्रिक आवाज़ों को दबाने की कोशिश होती है तो प्रतिरोध और व्यापक होता है। संगठन ने मांग की कि अध्यक्ष और सभी साथियों को तुरंत और बिना शर्त रिहा किया जाए। इससे पहले दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आईवाईसी कार्यालय में शांतिपूर्ण सत्याग्रह में भाग लिया। वहीं, एआईसीसी सचिव कुसुमा कुमार और ओडिशा कांग्रेस प्रभारी अजय लल्लू भी मुख्यालय में चल रहे न्याय सत्याग्रह में शामिल हुए।