20 Feb 2026
नई दिल्ली, 20 फ़रवरी (हि.स.)। देश की राजधानी दिल्ली में चल रहे एआई शिखर सम्मेलन में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन पर चारों ओर हो रही निंदा के बीच कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने इसे अपना समर्थन देते हुए कहा है कि प्रदर्शन वहीं होता है, जहां लोगों को दिखता है। खेड़ा ने इस विषय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शुक्रवार शाम एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि युवा कांग्रेस ने देश के युवाओं का गुस्सा और नाराज़गी शांतिपूर्ण तरीके से एआई शिखर सम्मेलन में दर्ज कराई है। इसके बाद मीडिया और अन्य जगहों पर हंगामा मच गया कि गलत जगह प्रदर्शन किया गया है और इससे देश की छवि खराब हुई है। खेड़ा ने कहा कि आखिर प्रदर्शन कहां किया जाए, क्या इसे भूमिगत जगह पर किया जाए? प्रदर्शन वहीं होता है, जहां लोग मौजूद होते हैं और मीडिया के कैमरे होते हैं। अगर हम संसद में बोलते हैं तो हमारे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को देश का सबसे बड़ा खतरा बता दिया जाता है, हमारे सांसदों को बाहर कर दिया जाता है और हमें राष्ट्रविरोधी करार दिया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार कोई जगह तय कर दे तो हम वहीं प्रदर्शन करेंगे। आज युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार को सच्चाई दिखाने की कोशिश की है।