02 Feb 2026
सहरसा, 02 फ़रवरी (हि.स.)। बिहार के सहरसा जिले की एक छात्रा की उत्तराखंड के रूड़की में संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई। हालांंकिि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझ पायेगी। जिले में सत्तर कटैया प्रखंड बिजलपुर निवासी संजीव राय की सुपुत्री पल्लवी कुमारी गंगानगर स्थित विगत आठ महीने से प्राइवेट आवास मे किरायेदार के रूप में रहकर रुड़की में पढ़ाई कर रही थी। वह रविवार को अपने कमरे में फांसी के फंदे से झूलती हुई पाई गई। उनके पिता संजीव राय ने बताया कि मेरी पुत्री पल्लवी कुमारी विगत आठ महिने से गंगानगर में प्राइवेट रूम में रहकर गौतम नगर रूड़की में पढाई कर रही थी। रविवार की रात्रि मे अचानक उसकी मृत्यु की सूचना मिली । पुलिस के साथ जब उसके रूम मे पहूंचा तो देखा कि उसकी लाश दुपट्टे के फंदे पर लटक रही थी जबकि उसके शरीर पर कोई निशान नहीं था।मेरी पुत्री की ओर से लिखित कोई सुसाइड नोट भी नही मिला। उस रूम में दो और लड़कियां रहती थीं, जो घटना के बाद फरार हैं। मृतका के परिवार ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी लोगों के विरुद्ध कडी कारवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल, पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही केस दर्ज कर जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही है। परिजन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के इंतजार में हैं।