30 Apr 2026
बरेली, 30 अप्रैल (इंद्रप्रस्थ न्यूज) । उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के क्योलड़िया थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपित देर रात पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक अन्य साथी भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के कब्जे से अवैध हथियार बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार 28 अप्रैल 2026 को थाना क्योलड़िया में दर्ज मुकदमा संख्या 15426 में नाबालिग युवती को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म करने के आरोप में साकिब पुत्र मोहम्मद सईद और मुनीश पुत्र रामबहादुर निवासी ग्राम केला डंडी नामजद थे। आरोप है कि दोनों ने पीड़िता के परिजनों को मुकदमा वापस लेने के लिए तमंचा दिखाकर धमकी भी दी थी। 29 अप्रैल को सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दोनों आरोपिताें की तलाश तेज कर दी। इसी दौरान मुखबिर से जानकारी मिली कि दोनों आरोपी मधुनगला मंदिर के पास बाइक और हथियारों के साथ खड़े हैं। वरिष्ठ उपनिरीक्षक देशराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रात करीब 11 बजे घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी बाइक से भागने लगे, लेकिन कच्चे रास्ते पर बाइक फिसलकर गिर गई। इस दौरान साकिब ने पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली साकिब के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। उसके पास से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस और स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई। वहीं दूसरे आरोपी मुनीश को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके पास से अवैध चाकू मिला है। घायल आरोपित को उपचार के लिए सीएचसी नवाबगंज भेजा गया है। घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस पर फायरिंग और अवैध शस्त्र बरामदगी के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि दुष्कर्म के मामले में वांछित दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय थी। घेराबंदी के दौरान एक अभियुक्त द्वारा पुलिस पर फायर किया गया, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में वह घायल हुआ है। दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।