31 Jan 2026
- सवर्ण समाज समन्वय समिति के बैनर तले रामलीला मैदान में जुटेंगे 40 संगठनों के हज़ारों लोग - ”यूजीसी रोल बैक आंदोलन” की शुरुआत कल आहूत देशव्यापी बंद के साथ - भाजपा इस काले क़ानून को वापस नहीं लेती है तो सत्ता में वापसी असंभव नई दिल्ली, 31 जनवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। यूजीसी एक्ट को लेकर जारी विवाद के बीच “सवर्ण समाज समन्वय समिति “ से जुड़े 40 से ज़्यादा संगठनों ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर इस क़ानून को वापस नहीं लिया गया तो वो 8 मार्च 2026 को रामलीला मैदान में “यूजीसी रोल बैक आंदोलन “ करेंगे। इसकी शुरुआत कल आहूत देशव्यापी बंद के साथ होगी। यह जानकारी आज पंडित मदन मोहन मालवीय स्मृति भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ़्रेंस में समित के प्रमुख स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने दी। इस अवसर पर करणी सेना के राज सिंह शेखावत, अजीत सिंह, हिंदू महासभा के विजय कौशिक, कायस्थ महासभा के अनूप श्रीवास्तव, ब्रिगेडियर अनिल श्रीवास्तव, हाई कोर्ट के पूर्व जस्टिस सुधीर सक्सेना, सुप्रीम कोर्ट के सीनियर एडवोकेट डीपी श्रीवास्तव, अग्रवाल महासभा के अनिल अग्रवाल, भीम सेना के नेशनल प्रेसिडेंट श्रीधर साल्वे, जनसंघ के कुलदीप पांडे, योगी किशोर तिवारी, छगन सिंह राठौर समेत बड़ी संख्या में इस एक्ट का विरोध करने वाले संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे। स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने कहा कि यह एक्ट खामियों वाला है और समाज को बांटने वाला है लेकिन हम किसी भी कीमत पर समाज को बटने नहीं देंगे । इसके लिए हम सभी मिलकर 8 मार्च 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में “यूजीसी रोल बैक आंदोलन “शुरू करेंगे । इसकी शुरुआत कल रविवार एक फरवरी को इस एक्ट के खिलाफ आहूत देशव्यापी बंद के समर्थन के साथ होगी । उन्होने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने इस क़ानून पर भले ही कुछ समय के लिए रोक लगा दी है लेकिन यह क़ानून तभी वापस होगा जब इसे संसद में पारित किया जाएगा। क्योंकि यह क़ानून संसद ने पारित किया है तो वापस भी उसे ही लेना होगा । उन्होंने कहा कि हम लोग एक फरवरी से देश भर में जनजागरण अभियान चलाएंगे और इस क़ानून के विरोध में आंदोलन करेंगे। इस दौरान मोदी सरकार ने इस क़ानून को वापस ले लिया तो ठीक है नहीं तो 8 मार्च को रामलीला मैदान में जो आंदोलन होगा वो एतिहासिक होगा । उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि मोदी सरकार समाज को बांटने का कार्य न करे नहीं तो इसका परिणाम बहुत ही बुरा होगा । भीम सेना के श्रीधर साल्वे ने कहा कि हमारी सेना सवर्ण समाज समन्वय समिति के साथ है और हम अपने समाज को किसी भी कीमत पर किसी को बांटने नहीं देंगे । करणी सेना के राज सिंह शेखावत ने कहा कि यूजीसी के इस काले क़ानून के ख़िलाफ़ हमारा आंदोलन तब तक चलेगा जब तक सरकार इस क़ानून को वापस नहीं ले लेती है । उन्होंने भी सरकार को चेताया कि अगर सरकार इस काले क़ानून को वापस नहीं लेती है तो भाजपा अगली बार सत्ता में नहीं आएगी ।