17 Feb 2026
नैनीताल, 17 फरवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तराखंड के नैनीतल जनपद के न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी दी गई है। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गईं। न्यायालय परिसर की घेराबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश के आधिकारिक ईमेल आईडी पर सुबह 7:11 बजे प्राप्त मेल में 11:15 बजे विस्फोट करने की चेतावनी दी गई है। धमकी भरे ईमेल में इस बार ‘मानव बम’ के माध्यम से विस्फोट करने की बात कही गई है,जिसे प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। सोमवार को भी इसी प्रकार की धमकी मिलने के बाद न्यायालय परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया था। सुरक्षा के मद्देनजर न्यायालय परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और ईमेल के स्रोत का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।