14 Feb 2026
गुवाहाटी, 14 फरवरी (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज बहुप्रतीक्षित कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन करेंगे। यह सेतु राज्य के लिए आधारभूत संरचना के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लचित घाट में आयोजित एक सार्वजनिक सभा में भी भाग लेंगे, जहां वे जनसमुदाय को संबोधित करेंगे। उन्होंने जानकारी दी कि दोपहर एक बजे प्रधानमंत्री गुवाहाटी और उत्तर गुवाहाटी को जोड़ने वाले पुल का शुभारंभ करेंगे, जिससे दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन और अधिक सुगम हो जाएगा। डॉ. सरमा ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) को मंजूरी मिली थी और तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने इसे शिलांग में स्थापित करने की बात कही थी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल गुवाहाटी में आईआईएम का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के आगमन से पूर्व सभी तैयारियों का अंतिम चरण में बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।