26 Mar 2026
तेल अवीवतेहरान, 26 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच इजराइल ने ईरान के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई तेज करने का दावा किया है। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि उनकी सेना ईरान के सैन्य ठिकानों पर लगातार हमले कर रही है और हाल ही में एक बड़े ऑपरेशन में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) के नौसेना कमांडर को मार गिराया गया है। नेतन्याहू के अनुसार, यह कमांडर कई हमलों में शामिल था और होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने की रणनीति का नेतृत्व कर रहा था। उन्होंने कहा कि इजराइल “ईरान के आतंकी ढांचे” के खिलाफ पूरी ताकत से कार्रवाई कर रहा है और इस अभियान में अमेरिका के साथ करीबी समन्वय बना हुआ है। वहीं, इजराइली सेना ने अपने बयान में कहा कि बंदर अब्बास के हमले में आईआरजीसी नेवी की एजेंसी यूनिट के प्रमुख बेहनाम रेजाई की मौत हो गई। इसके अलावा नौसेना कमांडर अलीरेजा तांगसिरी की भी इस ऑपरेशन में मौत का दावा किया गया है। सेना के मुताबिक, यह कार्रवाई विशेष रूप से ईरान की समुद्री सैन्य क्षमता और नेतृत्व को निशाना बनाकर की गई थी। इजराइल का कहना है कि इन हमलों का उद्देश्य क्षेत्र में ईरान की रणनीतिक गतिविधियों को कमजोर करना है। हालांकि, ईरान की ओर से इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। क्षेत्र में बढ़ते हमलों और जवाबी कार्रवाई के बीच हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं, जिससे व्यापक संघर्ष की आशंका और गहरा गई है।