12 Feb 2026
फर्रुखाबाद, 12 फरवरी( हि.स)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कमालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत खुदागंज में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार बोलेरो कार ने दो बैंड कर्मियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक बैंड कर्मी की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, कादरी गेट थाना क्षेत्र के मड़ैया निवासी गौतम (16) रंजीत (17)बैंड में ठेली धकेलने का काम करते थे। बुधवार शाम को वे शहर के एक बैंड के साथ बारात चढ़ाने के लिए कमालगंज थाना क्षेत्र के खुदागंज गए थे। रात करीब 12 बजे दोनों किशोर ठेली के पास जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। आनन-फानन में एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां तैनात चिकित्सक विकास पटेल ने गौतम को मृत घोषित कर दिया। घायल रंजीत को बाद में हायर सेंटर रेफर किया गया। जिसके बाद परिजन उसे एक निजी नर्सिंग होम ले गए। जहां उसकी हालत चिता जनक बनी हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाली बुलेरो का पता लगाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।