26 Mar 2026
कानपुर देहात, 26 मार्च (हि.स.)। अप्रैल माह की शुरुआत होते ही नकद लेन-देन खत्म करने और तीन हजार के सालाना पास की फीस में बढ़ोत्तरी के साथ टोल का नार्मल टैक्स भी एक अप्रैल से बढ़ जाएगा। कार, जीप और वैन की सिंगल जर्नी में पांच रुपये की और रिटर्न जर्नी में 10 रुपये की बढ़ोत्तरी की जाएगी। वहीं मंथली पास में भी 10 रुपये की बढोत्तरी हो जाएगी। कानपुर देहात जनपद के बारा टोल प्लाजा की बात करें तो नया वित्तीय वर्ष कई बदलाव लेकर आ रहा है। एक अप्रैल से कानपुर देहात व उसके आस पास का सबसे महंगा टोल प्लाजा और महंगा होने जा रहा है। अप्रैल की शुरुआत में टोल टैक्स का नकद लेन देन बिल्कुल बंद हो जाएगा। पूरी व्यवस्था ऑन लाइन की जा रही है। कलेक्शन बूथों को यूपीआई पेमेंट सुविधा से जोड़ दिया गया । बारा टोल प्लाजा की बढ़ती दर कुछ इस तरह होंगी जिसमे बढोत्तरी करते हुए जाने की राशि 190 और रिटर्न जर्नी 285 रुपए की हो जाएगी। अभी यह दर क्रमशः 185 और 275 रूपए है। 20 किलोमीटर रेडियस का मंथली पास भी एक अप्रैल से दस रूपए महंगा हो जाएगा। अभी 350 देने पड़ रहे। 31 मार्च की रात 12 बजते ही इसके लिए 360 रुपए चुकाने होंगे। फास्टैग न होने पर नही जमा होगा कैश यदि आपके वाहन पर फास्टैग नहीं है, या फास्टैग है पर एक्टिव नहीं है तो नकद टैक्स अदा नहीं कर सकेंगे। मोबाइल फोन पर इंस्टाल ऑन लाइन ट्रांजेक्शन एप्लीकेशन से ही टैक्स चुका पाएंगे। इसके लिए टोल ने खास तरह का साफ्ट वेयर बनाया है। बूथ की स्क्रीन पर क्यूआर दिखेगा। इसे स्कैन कर निर्धारित टोल टैक्स और सवा गुनी पेनाल्टी अदा की जा सकेगी। दूसरी तरफ, एक अप्रैल से ही दो सौ फेरों वाले सालाना पास की फीस भी तीन हजार से बढ़कर 3075 रुपये होने जा रही। इसके अलावा, इस साल 31 मार्च की रात 12 बजे के बाद से टोल की दरों में भी बदलाव हो रहा है। टोल दरों में बहुत अधिक बढ़ोत्तरी नहीं की गई है फिर भी चाय और स्नैक्स जितने पैसे तो अतिरिक्त चुकाने ही होंगे। लाइट कमर्शियल वेहिकिल्स के लिए अब तक एक फेरे का 290 रुपये टैक्स पड़ रहा था। एक अप्रैल से यह 295 रुपये हो जाएगा। रिटर्न जर्नी के लिए 435 की जगह 445 रुपये चुकाने होंगे। सिंगल और रिटर्न जर्नी के लिए बस और ट्रक का टोल एक अप्रैल से क्रमशः 605 और 910 रुपये हो जाएगा। इसमें 15 और 25 रुपए की वृद्धि की जा रही है। ओवर साइज वाहनों की सिंगल जर्नी 1180 और रिटर्न जर्नी 1770 रूपए में हो सकेगी। इस श्रेणी के वाहनों का मंथली पास पहले 38365 रुपए का था। अब 39345 का होगा। टोल प्रबंधक मनोज शर्मा ने बताया कि नई दरें एक अप्रैल से लागू हो जाएंगी।