20 Feb 2026
इटावा, 20 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहे छात्र की अपहरण के बाद हत्या कर शव को बोरे में बंदकर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया। अज्ञात हमलावर हत्या की इस वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। भरथना के बंधा बंधारा गांव के रहने वाले राजवीर सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि उनका 23 वर्षीय बेटा मनीष कुमार सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहा था और बीते 18 फरवरी को इटावा में सिविल लाइन में सिविल की कोचिंग पढ़ने के लिए निकला था लेकिन वह न तो कोचिंग सेंटर पहुंचा और न ही वापस घर लौटा। जब काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने थाना में गुमशुदगी दर्ज करवाई। आज तीसरे दिन थाना इकदिल क्षेत्र के अंतर्गत चितभवन नावली गांव के पास डीएफसी रेलवे ट्रैक पर उसका शव बोरे में बंद छत विक्षत अवस्था में पड़ा हुआ मिला है। उन्होंने जमीनी रंजिश के चलते हत्या करने की आशंका जताई है। घटनास्थल पर पहुंचे सीओ सिटी अभयनारायण ने बताया कि थाना इकदिल क्षेत्र के अंतर्गत डीएफसी रेलवे ट्रैक पर एक सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहे छात्र मनीष का शव मिला है। छात्र के परिजनों के मुताबिक वह अठारह फरवरी से गायब था पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।