15 Feb 2026
आगरमालवा, 15 फ़रवरी (हि.स.)। उज्जैन-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 552-जी
पर आगरमालवा जिले के ग्राम सालियाखेड़ी स्थित प्रतिक्षालय में शनिवार-रविवार रात करीब 2 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर यात्री प्रतीक्षालय में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार और प्रतीक्षालय दोनों पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार राजस्थान के कोटा की ओर से आ रही थी। कार में छह लोग सवार थे, जिनमें दो युवतियां और चार युवक शामिल थे। सभी राजस्थान के केशवराय पाटन (कोटा) क्षैत्र के निवासी बताए गए हैं और मेडिकल कॉलेज के नर्सिंग छात्र हैं। वे राजस्थान के कोटा से बाबा महाकाल के दर्शन के लिए मध्यप्रदेश के उज्जैन आ रहे थे, तभी आगरमालवा
जिले के ग्राम सालियाखेड़ी में यह हादसा हो गया। कार में सवार केना (22 वर्ष), दीपक
(25 वर्ष), दीक्षा (20 वर्ष), सोनू (20 वर्ष) और मोनू (20 वर्ष) शामिल हैं। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पैरामेडिकल स्टाफ अशोक दांगी और पायलट बजरंग दांगी ने सभी घायलों को सोयत कला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉ. मुकेश जाट ने प्राथमिक उपचार किया। केना (22 वर्ष) की हालत गंभीर होने पर उसे राजस्थान के झालावाड़ रेफर किया गया है।
हादसा इतना जबरदस्त था कि कार और यात्री प्रतीक्षालय बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि कार में एयरबैग खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया और सभी सवारों की जान बच सकी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।