12 Feb 2026
बाराबंकी, 12 फ़रवरी (हि.स.)। लखनऊ एवं बाराबंकी जनपद के ताला बंद घरों में चोरी करने वाले दो अंतरजनपदीय शातिर चोरों को स्वाट सर्विलांस व थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर घरों से चोरी किये गए सोने चांदी के जेवरात, घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल व नगदी बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि आसपास के क्षेत्र में दिन भर घूमकर ताला बंद घरों में रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह को पुलिस ने गुरुवार सुबह लखनऊ-अयोध्या हाइवे, थाना कोतवाली नगर से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए शातिर चोरों मो0 अमान पुत्र मो0 बशीर निवासी किराये का मकान मुन्नी देवी निकट कलाम कैफे करीम गंज थाना सहादतगंज जनपद लखनऊ, अजमल पुत्र अरशद निवासी कैम्पबेल रोड निकट एमडी मैरिज हाल थाना ठाकुरगंज जनपद लखनऊ शामिल है। कब्जे से चोरी का एक डिब्बा हार का सेट पीली धातु, बिछिया 08 पीस सफेद धातु, एक अदद नाक की कील पीली धातु, 02 सफेद धातु के सिक्के, 01 अदद पायल सफेद धातु, 01 सेट झुमकी पीली धातु, 01 नग जड़ा हुआ हार सफेद धातु, 01 गले का मटर माला पीली धातु, 01 गले का हार लाल नग जड़ा मांग टीका सहित, 01 सफेद धातु का हार, 31 अदद पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ, 1160 रुपये नगद, 02 एलआईसी का रसीद, 01 अदद मोबाइल व घटना में प्रयुक्त 01 मोटरसाइकिल यूपी 32 एमजेड 6166 बरामद चोरी की घटनाओं का खुलासा किया। पूछताछ एवं जांच में पता चला कि इनके द्वारा दिन में आस-पास क्षेत्रों में घूमकर रेकी करते और फिर रात में ताला बन्द घरों में चोरी करते थे। बीते 29 जनवरी को थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत शान्ति विहार कालोनी, राजेन्द्र नगर स्थित एक घर से ताला तोड़कर जेवरात व नगदी चोरी की गई थी। पकड़े गए मो0 अमान के विरूद्ध जनपद लखनऊ व बाराबंकी में कुल दो दर्जन से अधिक व अजमल के विरूद्ध एक दर्जन से अधिक अभियोग अलग-अलग थानों में पंजीकृत है।