30 Dec 2025
नई दिल्ली, 30 दिसंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। आम आदमी पार्टी ने 5 जनवरी से शुरू हो रहे दिल्ली विधानसभा के शीलकालीन सत्र के दौरान भाजपा सरकार की 10 महीने के कार्यकाल की नाकामियों पर घेरने की तैयारी कर ली है। ‘‘आप’’ विधायक दल के चीफ व्हीप संजीव झा ने कहा कि आम आदमी पार्टी शीतकालीन सत्र में भाजपा सरकार के 10 महीने के काम का हिसाब लेगी।
संजीव झा ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं को 2500 रुपए नहीं देकर अपने ही प्रधानमंत्री को झूठा साबित कर दिया। दस महीने में भाजपा सरकार बड़ी-बड़ी बातें करने के अलावा न दिल्ली की हवा साफ कर पाई और न यमुना का प्रदूषण ही कम कर पाई। छठ पर्व पर भाजपा ने सबको यमुना में डुबकी लगवाई और आचमन कराया था लेकिन अब पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह कह रहे कि यमुना का पानी नहाने के लायक नहीं है।
संजीव झा ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बने 10 महीने हो गए हैं। अब भाजपा सरकार को बताना चाहिए कि उसने इन 10 महीनों में दिल्ली की जनता के हित में क्या काम किया? भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में झूठे वादे करके दिल्ली की जनता से वोट ले लिया और सरकार बना ली। भाजपा ने वादा किया था कि अगर उसकी सरकार बनेगी तो दिल्ली की महिलाओं को 2,500 रुपये प्रतिमाह देगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद एक चुनावी सभा में दिल्ली की महिलाओं से यह वादा करके गए थे, लेकिन भाजपा सरकार ने तो प्रधानमंत्री को भी झूठा साबित कर दिया।
संजीव झा ने यमुना की सफाई के मुद्दे पर भी भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दावा किया था कि वह यमुना साफ कर देगी, लेकिन मजे की बात यह है कि सोमवार को पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा कह रहे थे कि यमुना में डुबकी नहीं लगा सकते, जबकि डेढ़ महीना पहले छठ पूजा के दौरान भाजपा के ही नेताओं ने सबको यमुना में डुबकी लगवाई थी और आचमन कराया था। दिल्ली में भाजपा की सरकार एक भ्रमित सरकार है। भाजपा सरकार और मनजिंदर सिंह सिरसा को बताना चाहिए कि यमुना के प्रदूषण को खत्म करने के लिए उन्होंने क्या काम किया है?
दिल्ली के वायु प्रदूषण के मुद्दे पर संजीव झा ने कहा कि पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा को बताना चाहिए कि आज दिल्ली में प्रदूषण का इतना बुरा हाल क्यों है? मीडिया रिपोर्ट बता रही हैं कि इस बार का दिसंबर पिछले 10-12 सालों में सबसे ज्यादा प्रदूषित दिसंबर रहा है। ऐसा क्यों हुआ, जबकि अब तो पराली भी नहीं जल रही है। भाजपा सरकार ने दिल्ली के प्रदूषण को कंट्रोल करने के लिए क्या काम किया? संजीव झा ने कहा कि विधानसभा सत्र में हम सरकार से इन 10 महीनों के कामकाज का हिसाब-किताब लेंगे। अब भाजपा दूसरों पर आरोप लगाकर अपने नकारापन को नहीं छिपा सकती।