24 Jan 2026
दुबई, 24 जनवरी (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पुरुष टी20 विश्व कप 2026 को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल करने की घोषणा की है। यह निर्णय बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भारत में अपने मैच खेलने से इनकार करने के बाद लिया गया। आईसीसी के अनुसार बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने मैच भारत से श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग की थी। हालांकि, आईसीसी ने स्पष्ट किया कि भारत में बांग्लादेशी टीम, अधिकारियों और प्रशंसकों के लिए किसी भी तरह का कोई विश्वसनीय या सत्यापित सुरक्षा खतरा नहीं पाया गया। स्वतंत्र आंतरिक और बाहरी सुरक्षा आकलनों के आधार पर आईसीसी ने बीसीबी की मांग को खारिज कर दिया। आईसीसी ने बताया कि तीन सप्ताह से अधिक समय तक बीसीबी के साथ कई दौर की बातचीत की गई, जिनमें वीडियो कॉन्फ्रेंस और प्रत्यक्ष बैठकें शामिल रहीं। इस दौरान विस्तृत सुरक्षा और संचालन योजनाएं भी साझा की गईं। इसके बावजूद, बीसीबी ने तय समयसीमा के भीतर टूर्नामेंट में भागीदारी की पुष्टि नहीं की। इसके बाद आईसीसी बिजनेस कॉरपोरेशन (आईबीसी) बोर्ड की बैठक में नियमों के अनुसार प्रतिस्थापन टीम चुनने का फैसला लिया गया। स्कॉटलैंड, जो टूर्नामेंट के लिए मूल रूप से क्वालीफाई नहीं कर पाया था, सबसे ऊंची रैंक वाली टीम होने के कारण चुना गया। स्कॉटलैंड वर्तमान में टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में 14वें स्थान पर है और टूर्नामेंट में शामिल कई टीमों से ऊपर रैंक पर है। 20 टीमों वाला यह टूर्नामेंट 07 फरवरी से 08 मार्च 2026 तक खेला जाएगा। आईसीसी ने कहा कि इस फैसले से टूर्नामेंट की निष्पक्षता, कार्यक्रम की पवित्रता और सभी टीमों एवं प्रशंसकों के हितों की रक्षा सुनिश्चित होगी।