11 Mar 2026
चूरू, 11 मार्च (हि.स.)। जिले के बीदासर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम बारात में जा रही एक कार के पलटने से दूल्हे के बड़े भाई और एक फोटोग्राफर की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। हादसा ढाणी कुम्हारान के पास उस समय हुआ जब कार के सामने अचानक गोवंश आ गया। बीदासर थानाधिकारी दिलीप सिंह शेखावत ने बताया कि मामले में मंगलचंद जाखड़ ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के अनुसार देवली तलाई के जाखड़ परिवार में शादी समारोह था और बारात देवली तलाई से राजलदेसर जा रही थी। बारात में शामिल एक कार को दूल्हे के बड़े भाई सुरेश कुमार जाट (28) चला रहे थे। कार में उनके साथ फोटोग्राफर नरेश कुमार दर्जी (38) और राहुल सवार थे। देवली तलाई से करीब 12 किलोमीटर आगे निकलने के बाद अचानक कार के सामने गोवंश आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार पलट गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल सुरेश कुमार को बीदासर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल फोटोग्राफर नरेश को प्राथमिक उपचार के बाद सुजानगढ़ के सरकारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। कार में सवार राहुल को मामूली चोट आई और प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। हादसे की सूचना मिलते ही दूल्हे के घर में कोहराम मच गया। जहां देर शाम तक शादी के मंगल गीत गूंज रहे थे, वहीं रात होते-होते पूरे घर में रोने और चीखने की आवाजें सुनाई देने लगीं। बारात की सभी गाड़ियां एक साथ चल रही थीं, इसलिए कार पलटते ही अन्य लोगों को हादसे की जानकारी मिल गई और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक सुरेश कुमार जाट सरकारी शिक्षक थे और उनकी नागौर जिले के जायल तहसील के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय अजबपुरा में पोस्टिंग थी। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटी बेटियां हैं, जिनमें एक डेढ़ साल और दूसरी छह महीने की है। परिवार में एक साथ दो भाइयों की शादी थी। सुरेश चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके छोटे भाई अशोक और चंद्रप्रकाश की शादी राजलदेसर में थी। हादसे के बाद दोनों की शादियां शोक के माहौल में संपन्न हुईं। अशोक भारतीय सेना में हैं, जबकि चंद्रप्रकाश इंजीनियर हैं। उनके पिता चेतनराम जाखड़ किसान हैं। हादसे में जान गंवाने वाले नरेश कुमार दर्जी झुंझुनूं जिले के भोड़की गांव के निवासी थे और लंबे समय से नागौर में रहकर फोटोग्राफी का काम कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बेटियां हैं। उनके पिता शुभकरण टेलर हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।