12 Feb 2026
इंफाल, 12 फरवरी (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और राज्य पुलिस बीते 24 घंटे में विभिन्न जिलों में संयुक्त अभियान चलाते हुए प्रतिबंधित संगठनों के कई सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपित केसीपी (एमएफएल), केसीपी (अपुनबा) और केवाईकेएल से जुड़े बताए गए हैं। इंफाल पश्चिम जिले के खाबी मामांग लेइकाई क्षेत्र से केसीपी (एमएफएल) के दो कैडरों को उनके-अपने आवास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान थांगजाम गौतम सिंह (19) और डायमंड चिंगशुबम (24) के रूप में हुई है। इनके कब्जे से एक रॉयल एनफील्ड मेटियोर मोटरसाइकिल (एमएन-04जी-2108), दो मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड बरामद किया गया। इसी दिन इंफाल पूर्व जिले के पोरोमपट थाना क्षेत्र के खुराई कोंगपाल चिंगांगबाम लेइकाई से केसीपी (अपुनबा) के एक कैडर खुलेम कुलाजीत सिंह (20) को उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड जब्त किया गया। इसके अलावा, खुराई लैशराम लेइकाई, चेयरेंथोंग के निकट से केसीपी (अपुनबा) के एक अन्य सक्रिय सदस्य चाबुंगबाम तैसान मेइती (21) को गिरफ्तार किया गया। वह इंफाल पूर्व जिले के एकौ, सादू कोईरेंग का निवासी है और वर्तमान में साजीवा राहत शिविर में रह रहा था। उसके पास से एक एम-20 पिस्तौल, एक मैगजीन और एक मोबाइल हैंडसेट बरामद किया गया। वहीं, तेंगनौपाल जिले के तेंगनौपाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोइरांगथेल गांव के सामान्य क्षेत्र, बीपी-88 के निकट से केवाईकेएल के तीन कैडरों को गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान अबुजाम नाबा मेइती (49) निवासी वांगू तेराखोंग, जिला बिष्णुपुर; निंगथौजाम कुंजबिहारी सिंह (30) निवासी मोइरांग (नारायणसिंह), जिला बिष्णुपुर; तथा निंगथौजाम मंगलेम सिंह (45) निवासी हीरोक पार्ट-III, जिला थौबल के रूप में हुई है। मामलों में आगे की जांच जारी है।