07 Mar 2026
-चिकित्सा शिविर में 300 महिलाओं और 150 बच्चों समेत 700 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया
गाजियाबाद, 7 मार्च (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को माया नारायण मेमोरियल ट्रस्ट, दिल्ली और नारायण हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर डिफेंस कॉलोनी, भोपुरा, साहिबाबाद, गाजियाबाद के सौजन्य से पंचशील कॉलोनी - सोनिया विहार, भोपुरा के बिहारी मंदिर मे निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया।
इस अवसर पर माया नारायण मेमोरियल ट्रस्ट के चेयरमैन ओमप्रकाश बंशीराम जेदिया ने बताया कि दिल्ली और गाज़ियाबाद से आये चिकित्सकों ने 700 से ज्यादा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसमें 300 महिलाएं और 150 बच्चे थे।
महिला रोग विशेषज्ञ डॉ अपर्णा ने बताया कि मुख्य रूप से महिलाओं में जागरुकता का अभाव पाया गया। इसकी वजह से प्रेग्नेंसी के दौरान रेगुलर चेकअप की कमी के चलते ज्यादातर महिलाओं में खून की कमी (एनीमिया) देखी गई जो कि समय समय पर इनके द्वारा सरकारी अस्पताल या प्राइवेट अस्पताल में डॉक्टर को दिखाते रहने और आयरन की गोली के सेवन और सही खान पान से रोकी जा सकती है।
इस अवसर पर डॉ ममता ने बताया कि युवा पीढ़ी में हाइजिन की कमी से होने वाली समस्याएं 15-20 साल की युवतियों में देखी गई। इस अवसर पर उनको हाइजिन के संबंध में जानकारी दी गई। बच्चों में भी खांसी और श्वास संबंधी शिकायत ज्यादा थी, जो कि समय पर डॉक्टर से सलाह लेने से रोकी जा सकती है।
इस अवसर पर नारायण हॉस्पिटल एण्ड ट्रामा सेंटर डिफेंस कॉलोनी, भोपुरा के प्रबंधक सुनील कुमार ने बताया कि ट्रस्ट गाजियाबाद और दिल्ली में गरीब परिवार - झुग्गियों तथा मलिन बस्तियों में रहने वाले परिवारों पर विशेष रूप से फोकस कर रहा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत,अतुल्य भारत तथा स्वर्णिम भारत की परिकल्पना को साकार करने में तत्परता के साथ लगा है।
स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में स्थानीय पार्षद ओमपाल सिंह भाटी, समाजसेवी धर्मेंद्र गौतम, जगदीश प्रधान, फकीरा और कज़ानिया उपस्थित रहे। उन्होंने स्थानीय निवासियों से आग्रह किया कि ट्रस्ट की ओर से समय समय पर लगाये जा रहे मुफ्त चिकित्सा शिविर का लाभ प्राप्त करें और नारायण हॉस्पिटल एण्ड ट्रामा सेंटर डिफेंस कॉलोनी, भोपुरा में चैरिटेबल दर पर उपलब्ध सेवाओं का लाभ प्राप्त करें।