07 Feb 2026
नई दिल्ली, 07 फ़रवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को मटियाला विधानसभा क्षेत्र में 400 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मटियाला क्षेत्र आज विकसित दिल्ली के निर्माण की दिशा में एक नई शुरुआत का साक्षी बना है। मुख्यमंत्री ने एक्स पोस्ट में कहा कि मटियाला में दिल्ली की शहरी चमक और गांव-देहात की पारंपरिक संस्कृति एक साथ सांस लेती है। इसलिए इसके सर्वांगीण विकास के लिए हर मोर्चे पर काम किया जाएगा। बुनियादी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जाएगा, सड़कें बनेंगी, पेयजल व्यवस्था पर काम होगा और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में मटियाला ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, अटल कैंटीन जैसी अनेक जनसुविधाओं के तेज विस्तार को देखा है। अब इस बजट के माध्यम से हमारी सरकार इस क्षेत्र के व्यापक कायाकल्प की दिशा में आगे बढ़ रही है। इस अवसर पर स्थानीय सांसद कमलजीत सहरावत, विधायक संदीप सहरावत, पार्षद अनुराधा शर्मा, राम निवास, नजफगढ़ जोन की एमसीडी चेयरमैन सविता शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश शौखंदा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।