21 Feb 2026
गुवाहाटी, 21 फरवरी (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने शुक्रवार रात भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से पहले कहा कि “32 साल और 32 घंटे के बीच का फर्क साफ दिखाई दे रहा है।” उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने राजनीतिक जीवन की नई दिशा बताया। भाजपा में औपचारिक रूप से शामिल होने से पहले जारी बयान में बोरा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शुक्रवार रात लगभग 45 मिनट तक हुई मुलाकात के लिए धन्यवाद् दिया। साथ ही उन्होंने असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के अपने आवास पर पहुंचने के लिए भी आभार जताया। बोरा ने कहा, “32 साल बनाम 32 घंटे — फर्क साफ दिख रहा है। बदलाव स्पष्टता लाता है।” उन्होंने यह भी कहा कि अमित शाह को लेकर उनकी धारणा अब बदल चुकी है। शाह असम तथा यहां के लोगों के प्रति अत्यंत संवेदनशील और चिंतित हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, बोरा का भाजपा में आना असम की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है, जिससे राज्य में दलों के समीकरण पर असर पड़ सकता है।