27 Jan 2026
श्रीनगर, 27 जनवरी (हि.स.)। कश्मीर में हिमपात के कारण मंगलवार को श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से आने-जाने वाली 50 उड़ानें रद्द कर दी गईं। भारतीय विमानन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने यहां बताया, "श्रीनगर हवाई अड्डे पर प्रतिकूल मौसम और लगातार हिमपात को देखते हुए एयरलाइंस ने आज की अधिकांश उड़ानें रद्द कर दी हैं।" हिमपात के कारण अब तक लगभग 50 उड़ानें - 25 आने वाली और 25 जाने वाली रद्द की जा चुकी हैं। हिमपात अभी भी जारी है। चार और उड़ानें श्रीनगर हवाई अड्डे पर आने वाली थीं लेकिन अधिकारियों ने कहा कि खराब मौसम को देखते हुए उनके संचालित होने की संभावना नहीं है। एक अधिकारी ने कहा, "यात्रियों को नवीनतम जानकारी और वैकल्पिक व्यवस्थाओं के लिए अपनी-अपनी एयरलाइंस के संपर्क में रहने की सलाह दी गई है।" उड़ानों के रद्द होने से सैकड़ों पर्यटक फंस गए हैं जो घाटी में सप्ताहांत और गणतंत्र दिवस की छुट्टियां बिताने के बाद घर लौटने वाले थे।