17 Feb 2026
जतिन सरना, मधुरिमा रॉय और प्रणय पचौरी स्टारर फिल्म ना जाने कौन आ गया का टीज़र रिलीज कर दिया गया है। 1 मिनट 10 सेकंड का यह टीज़र एक ऐसी अनकही प्रेम कहानी की झलक देता है, जिसमें जुनून, धोखा और बदले की आग साथ-साथ चलती है। आज के दौर में जहां प्यार को अक्सर परफेक्ट रूप में दिखाया जाता है, वहीं यह फिल्म रिश्तों के खतरनाक और जहरीले पहलुओं को सामने लाने की कोशिश करती नजर आती है। टीज़र की शुरुआत उत्तराखंड के खूबसूरत दृश्यों से होती है, जहां एक शायरी और संवाद, "कुछ सच जीने का हक छीन लेते हैं", कहानी के दर्द को रेखांकित करते हैं। जतिन सरना, मधुरिमा रॉय और प्रणय पचौरी एक इंटेंस लव ट्राएंगल में नजर आते हैं। टीज़र में पैशनेट लव सीन्स, इमोशनल ब्रेकडाउन और आक्रामक टकराव की झलक मिलती है। अंतिम दृश्य में माचिस की तीली से झूले को आग लगाते जतिन सरना का शॉट कहानी के बदले और टूटन के संकेत देता है। फिल्म धवन फिल्म्स और विकास अरोड़ा फिल्म्स के बैनर तले बनी है। निर्माता विपुल धवन और पूजा अरोड़ा हैं, जबकि रीत अरोड़ा सह-निर्माता हैं। मेकर्स के अनुसार, यह फिल्म आधुनिक रिश्तों की जटिलता, भरोसे के टूटने और प्यार के अंधेरे पहलुओं को दिखाएगी। 'ना जाने कौन आ गया' 6 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।