16 Jan 2026
नई दिल्ली, 16 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने शुक्रवार को नई ‘वॉटर मास्टर’ मशीन के जलावतरण एवं नजफगढ़ ड्रेन में ड्रेजिंग कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक मशीन नहीं, बल्कि यमुना को स्वच्छ और निर्मल बनाने के संकल्प की सशक्त शुरुआत है।
प्रवेश सिंह ने एक्स पोस्ट में बताया कि फिनलैंड से आई यह अत्याधुनिक ‘वॉटर मास्टर’ मशीन आज नजफगढ़ ड्रेन (पूर्व साइबी नदी) में कार्यरत हुई। यह मशीन दशकों से जमी 30–40 वर्ष पुरानी सिल्ट को काटकर सक्शन तकनीक के माध्यम से सीधे बाहर निकालती है, जिससे पानी तुरंत वापस ड्रेन में चला जाता है और सिल्ट अलग स्थान पर एकत्र होती है। पहले की मशीनों की तुलना में यह तकनीक कई गुना अधिक तेज, प्रभावी और आधुनिक है। लगभग 6 मीटर तक पानी में खड़े होकर तथा 18 फुट तक गहराई में काम करने वाली यह मल्टीपर्पस एम्फीबियन मशीन बाढ़ नियंत्रण और प्रदूषण रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
प्रवेश सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार यमुना और उसके नालों की सफाई के लिए दुनिया की सर्वोत्तम तकनीक अपनाने के लिए प्रतिबद्ध है।