13 Mar 2026
नई दिल्ली, 13 मार्च (हि.स.)। दिल्ली उच्च न्यायालय ने दिल्ली पुलिस से पूछा है कि वो आम आदमी पार्टी नेता नरेश बाल्यान ने मकोका के मामले की जांच कब तक पूरी करेंगे। अगर कोई आरोपित दो साल से जेल में है, तो आप जांच में तेजी लाइए। जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की पीठ ने नरेश बाल्यान की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए ये टिप्पणी की। मामले की अगली सुनवाई 30 मार्च को होगी। सुनवाई के दौरान नरेश बाल्यान के वकील रेबेका जॉन ने कहा कि याचिकाकर्ता के आवाज के नमूने ले लिए गए हैं, लेकिन किसी दूसरे के आवाज के नमूने नहीं लिए गए। तब कोर्ट ने पूछा कि क्या आरोप तय हो गए हैं। अभी तक आरोप तय क्यों नहीं हुए। तब दिल्ली पुलिस के वकील अमित प्रसाद ने कहा कि अभी आगे की जांच जारी है। तब कोर्ट ने कहा कि आरोपित ने अपराध किया है या नहीं ये ट्रायल से पता चलेगा, लेकिन आरोप तो तय होना चाहिए। 2024 में आरोपित को गिरफ्तार किया गया और अब 2026 आ गया। अगर दिल्ली पुलिस जांच ही करती रहेगी तो आरोप तय करने पर सुनवाई कैसे होगी। नरेश बाल्यान ने दिल्ली उच्च न्यायालय से कहा हैकि उसके खिलाफ मकोका का मामला बनता ही नहीं है क्योंकि वो आपराधिक गतिविधियों में लगातार लिप्त नहीं रहा है। इसके पहले नरेश बाल्यान के वकील एन. हरिहरन ने कहा था कि याचिकाकर्ता के खिलाफ मकोका चलाने के लिए पुख्ता साक्ष्य नहीं है। उन्होंने कहा था कि मकोका 15 एफआईआर के आधार पर किया गया है जो कपिल सांगवान और उसके गैंग के सदस्यों के खिलाफ दर्ज किए गए। उन्होंने कहा था कि नरेश बाल्यान का कपिल सांगवान और उसके गैंग से कोई संबंध नहीं है। दिल्ली उच्च न्यायालय ने 25 जून, 2025 को नरेश बाल्यान की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया था। नरेश बाल्यान ने इसके पहले भी उच्च न्यायालय में जमानत याचिका दायर की थी लेकिन इस मामले में चार्जशीट दाखिल होने के बाद जमानत याचिका उच्च न्यायालय से वापस ले ली गई थी। उसके बाद बाल्यान ने राऊज एवेन्यू कोर्ट में जमानत याचिका दायर किया था। राऊज एवेन्यू कोर्ट ने 27 मई, 2025 को बाल्यान की जमानत याचिका खारिज कर दिया था। उसके बाद बाल्यान ने उच्च न्यायालय में जमानत याचिका दायर किया है। दरअसल, वसूली के मामले में 4 दिसंबर, 2024 को नरेश बाल्यान को जमानत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने मकोका के मामले में गिरफ्तार कर लिया था। दिल्ली पुलिस ने वसूली के मामले में नरेश बाल्यान को 30 नवंबर, 2024 की रात में गिरफ्तार किया था। इससे पहले भाजपा ने नरेश बाल्यान का एक ऑडिया क्लिप जारी किया था जिसमें गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू और बाल्यान के बीच बातचीत थी। दिल्ली पुलिस के मुताबिक नरेश बाल्यान और गैंगस्टर के बीच बातचीत का ये मामला 2023 का है। इसे लेकर 2023 में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। कपिल सांगवान एक कुख्यात गैंगस्टर है जो फिलहाल ब्रिटेन में रह रहा है। कपिल सांगवान पिछले पांच वर्षों से ब्रिटेन में ही रह रहा है। कपिल सांगवान और नरेश बाल्यान दोनों दिल्ली के नजफगढ़ के रहने वाले हैं। कपिल सांगवान हरियाणा के नफे सिंह हत्याकांड का भी मास्टरमाइंड है। कपिल सांगवान पर बल्लू पहलवान और भाजपानेता सुरेंद्र मटियाला की हत्या का भी मास्टरमाइंड माना जाता है। नरेश बाल्यान ने 2015 और 2019 में उत्तम नगर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था।