25 Jan 2026
मऊ, 25 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मऊ पुलिस ने थाना दक्षिण टोला स्थित एक निजी अस्पताल से चोरी हुई डायलिसिस मशीन को 48 घंटे के भीतर बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो अंतरजनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार करते हुए चोरी की गई चार डायलसिस मशीनें, नकदी, वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक मऊ ने टीम को ₹15,000 नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के अनुसार दाे दिन पहले 23 जनवरी 2026 की रात आजमी अस्पताल, हकीकतपुरा मऊ में टेक्निशियन को बंधक बनाकर चार डायलसिस मशीनें चोरी की गई थीं। मुखबिर की सूचना पर आज रविवार को मतलूपुर फ्लाईओवर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वाहन को घेराबंदी कर रोका। वाहन में सवार अभियुक्त पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन मौके पर ही गिरफ्तार कर लिए गए। घटना के खुलासे में सीसीटीवी फुटेज की अहम भूमिका रही। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि आर्थिक तंगी के चलते उन्होंने अस्पताल से मशीनें चोरी कर लखनऊ ले जाने के बाद, पकड़े जाने के डर से उन्हें पूर्वांचल में बेचने की योजना बनाई थी। गिरफ्तार अभियुक्ताें में अमरनाथ दीक्षित पुत्र सरजू प्रसाद दीक्षित, निवासी विभव खंड, गोमतीनगर, लखनऊ, स्थायी पता ग्राम गाड़ी बाजार, थाना करनलगंज, जनपद गोंडा , राजकुमार पुत्र बिहारी निवासी कठौता वास्तु खंड, गोमतीनगर, लखनऊ हैं जबकि वांछित अभियुक्ताें में सुमित गौतम, विशेष यादव, अंश, पंडित, बबुआ हैं और इनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। बरामद सामान 04 डायलसिस मशीनें (अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये) एक पिकअप वाहन ₹4000 नकद 02 मोबाइल फोन