24 Mar 2026
सुलतानपुर, 24 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले की पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने मंगलवार को अखंडनगर थाना क्षेत्र में फरार अपराधियों को पकड़ने के लिए प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। ये अपराधी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी जगह बदलते रहते हैं। पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने बताया कि जिन फरार अपराधियाें पर इनाम रखा गया है उनमें थाना अखंड नगर के ग्राम-रतनपुर (मैरवा) निवासी अरुण कुमार सिंह , कल्यानपुर गांव निवासी दाे भाई अमन यादव, आनंद यादव, चन्दीपुर गांव का सतीश, नमीत सिंह उर्फ अमित सिंह, अलीमुद्दीनपुर निवासी विनय सिंह उर्फ पप्पू सिंह, विरसिंहपुर गांव निवासी आदर्श सिंह, थाना मलीपुर के नेमपुर गाँव निवासी हलचल तिवारी, जौनपुर जिले के थाना सरपतहा के चौबाहा निवासी नितिन तिवारी, मनीष कुमार तिवारी उर्फ महेश तिवारी और इसी जिले के थाना बकशा के ग्राम महनपुर निवासी विशाल सिंह उर्फ बागी, थाना-सरपतहा के आमवा गाँव निवासी दुर्गेश दूबे पुत्र शीतला प्रसाद शामिल है। पुलिस फरार आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए निरंतर अभियान चला जा रही है। एसपी ने बताया कि थाना अखंड नगर के कल्याणपुर गांव में 15 मार्च को भूमि विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर असलहे से फायरिंग कर दिया। इसमें गोली लगने से एक पक्ष के संजय यादव (25) घायल हो गए जबकि लाठी-डंडे से हुए हमले में संजय की मां शोभावती (50), बहन रोशनी (24), प्रांकुश यादव (18) कमलेश (42) और विपुल यादव (16) घायल हो गए। घायलों को अखंडनगर सीएचसी से अंबेडकरनगर के टांडा स्थित पीजीआई रेफर कर दिया। वारदात के बाद दूसरे पक्ष के लोग भाग निकले थे। एसपी ने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने पर अखंडनगर थानाध्यक्ष संत कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया, जबकि सीओ कादीपुर पर भी लापरवाही के आरोप की जांच एएसपी को साैंपी गई। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपिताें के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई , जिनकी तलाश की जा रही है।