12 Feb 2026
नई दिल्ली, 12 फ़रवरी (हि.स.)।एएफसी अंडर-17 एशियन कप 2026 के लिए गुरुवार को मलेशिया के कुआलालंपुर स्थित एएफसी हाउस में आयोजित ड्रॉ में भारत को ग्रुप डी में रखा गया है। भारतीय टीम इस ग्रुप में उज्बेकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और उत्तर कोरिया जैसी मजबूत टीमों से भिड़ेगी। टूर्नामेंट का 21वां संस्करण 5 मई से 24 मई 2026 तक सऊदी अरब में खेला जाएगा। इस प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार-चार टीमों के चार ग्रुप में बांटा गया है। भारत ने नवंबर 2025 में खेले गए क्वालीफायर में शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रुप डी में ईरान, लेबनान, फिलिस्तीन और चीनी ताइपे को पीछे छोड़ते हुए टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया था। यह 10वीं बार है जब भारत अंडर-17 एशियन कप के लिए क्वालीफाई करने में सफल रहा है। ग्रुप इस प्रकार हैं: ग्रुप ए: सऊदी अरब, ताजिकिस्तान, थाईलैंड, म्यांमार ग्रुप बी: जापान, इंडोनेशिया, चीन, कतर ग्रुप सी: दक्षिण कोरिया, यमन, वियतनाम, यूएई ग्रुप डी : उज्बेकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, भारत, उत्तर कोरिया। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें क्वार्टरफाइनल में पहुंचेंगी और साथ ही फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप कतर 2026 के लिए भी क्वालीफाई करेंगी। भारत का कार्यक्रम: ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत भारत बनाम उज्बेकिस्तान भारत बनाम उत्तर कोरिया भारतीय टीम के सामने चुनौती कड़ी होगी, लेकिन क्वालीफायर में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ टूर्नामेंट में उतरेगी।