14 Feb 2026
बिजनौर, 14 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में बीती रात शुक्रवार को थाना नूरपुर क्षेत्र के गांव बाखराबाद खटाई के जंगल से सटे एक खेत में वन विभाग द्वारा लगाए पिंजरे में एक गुलदार कैद हो गया। पिंजरे में गुलदार के कैद होने की जानकारी शनिवार सवेरे खेत पहुंचे किसानों को हुई और वन विभाग को इसकी सूचना दी गई।
मालूम हो कि ग्राम बाखराबाद खटाई में बीते कई दिनों से गुलदार की दहशत बनी हुई थी ग्रामीण डर के कारण खेतों पर जाने से बच रहे थे। गांव वालों की मांग पर वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए जंगल से सटे जगवीर सिंह के खेत में पिंजरा लगाया था। आज उस पिंजरे में गुलदार के कैद होने की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ उसे देखने के लिए एकत्र हो गई।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर गुलदार को अपने कब्जे में लिया।
चांदपुर रेंज के रेंजर दुष्यंत कुमार ने बताया कि पकड़े गए गुलदार को सुरक्षित वन में छोड़ा जाएगा। बता दें कि इससे पहले भी इसी ग्राम में दो गुलदार पकड़े जा चुके हैं। दो गुलदार पकड़े जाने के बाद इस इलाके में घूम रहा तीसरा गुलदार अकेला पड़ने से काफी उग्र हो गया था। वह अक्सर जंगलों में गुर्राता था। उसके पकड़े जाने पर ग्रामीणों ने राहत की श्वास ली है।