10 Apr 2026
भोपाल, 10 अप्रैल (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। मध्य प्रदेश में अप्रैल की शुरुआत इस बार भीषण गर्मी की बजाय आंधी, बारिश और ओलों के साथ हुई। 1 से 9 अप्रैल के बीच प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार मौसम बदलता रहा। हालांकि अब यह दौर थमने जा रहा है। आज शुक्रवार से प्रदेश में गर्मी का असर तेज होने लगेगा। इसके चलते दिन के तापमान में 4 से 6 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है। दरअसल, अप्रैल के शुरुआती दिनों में प्रदेश में मजबूत वेदर सिस्टम सक्रिय रहे। गुरुवार को भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला, सिवनी और बालाघाट में मौसम बदला रहा। कहीं तेज आंधी चली तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार से इन सिस्टम का असर खत्म हो जाएगा। अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा और तापमान लगातार बढ़ेगा। 15 अप्रैल को उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकता है, लेकिन इसका प्रभाव मध्य प्रदेश में बहुत ज्यादा देखने को नहीं मिलेगा। गौरतलब है कि गर्मी के लिहाज से अप्रैल और मई सबसे अहम महीने माने जाते हैं। आमतौर पर मार्च के अंत से तापमान तेजी से बढ़ने लगता है, लेकिन इस बार पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिली। अप्रैल के पहले पखवाड़े में भी प्रदेश में बारिश, ओले और आंधी का सिलसिला जारी रहा, जिससे पिछले कई दिनों से मौसम सुहाना बना हुआ था।