18 Feb 2026
बागपत, 18 फ़रवरी (हि.स.)। बच्चों के आधार कार्ड में बायोमेट्रिक अपडेट करना अनिवार्य कर दिया गया है। 05 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूरी करने पर बच्चों के आधार कार्ड में बायोमेट्रिक अपडेट कराना होगा। 5 से 07 वर्ष और दूसरा 15 से 17 वर्ष के बीच अगर आधार अपडेट नहीं हुआ तो आधार निष्क्रिय हो सकता है। ऐसे बच्चे सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो जाएंगे। यह निर्देश जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय आधार अनु श्रवण समिति की बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि आधार में होने वाले संशोधन के बारे में गाइड लाइन का अनुपालन करें। इस अभियान के अंतर्गत उन बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) पूरा करना है जो 05 वर्ष और 15 वर्ष के हो चुके हैं लेकिन अभी तक अपने आधार में बायोमेट्रिक् अपडेट नहीं कराया हैं। बच्चों के आधार में अनिवार्य अपडेट, स्कूलों में विशेष आधार कैम्प का आयोजन किया जा रहा है, इसके अतिरिक्त माता-पिता या अभिभावक किसी भी आधार सेवा केंद्र या निर्दिष्ट आधार केंद्र पर जाकर अपने बच्चे का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट करवा सकते हैं। वर्तमान नियमों के अनुसार बच्चे के आधार में 05 वर्ष की आयु प्राप्त करने पर पहला और 15 वर्ष की आयु प्राप्त होने पर दूसरा बायोमेट्रिक् अपडेट (फिंगरप्रिंट, आईरिस और फोटोग्राफ) अनिवार्य रूप से अपडेट किया जाना चाहिए। बच्चों के बायोमेट्रिक डेटा की सटीकता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए एमबीयू का समय पर पूरा होना जरूरी है। यदि अनिवार्य बायोमेट्रिक् अपडेट (एमबीयू) समय पर पूरा नहीं किया जाता है, तो वर्त्तमान नियमों के अनुसार आधार संख्या को निष्क्रिय किया जा सकता है। आधार कार्ड से जुड़ा यह अपडेट स्कूल में प्रवेश, प्रवेश परीक्षाओं के लिए पंजीकरण, छात्रवृत्ति का लाभ उठाने, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाने में आधार के निर्बाध उपयोग को सुनिश्चित करता है। सूचना विभाग की और से माता-पिताअभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने बच्चोंआश्रितों के बायोमेट्रिक्स को आधार में प्राथमिकता के आधार पर अपडेट कराएं।