14 Mar 2026
मीरजापुर, 14 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में कथित ‘जिम जिहाद’ और धर्मांतरण से जुड़े मामलों में कोतवाली देहात थाना पुलिस ने फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी समेत दो वांछित आरोपितों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने शनिवार शाम पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि थाना कोतवाली देहात में धर्मांतरण से संबंधित दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज हैं। इन मामलों में अब तक कुल आठ आरोपितों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपित 39वीं पीएसी गेट बरौधा निवासी असफाक खान उर्फ लकी को और मूलरूप से बिहार निवासी साहिल अहमद को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित धर्मांतरण से जुड़े मामलों में वांछित चल रहे थे और उनकी काफी समय से तलाश की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद थाना कोतवाली देहात पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेशी के बाद जेल भेज दिया।