09 Mar 2026
फिरोजाबाद, 09 मार्च (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद पुलिस टीम ने सोमवार को किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वाले एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे जेल भेजा है। पुलिस इस मामले में पूर्व में पांच अभियुक्तों जेल भेज चुकी है। थाना शिकोहाबाद प्रभारी अनुज कुमार पुलिस टीम के साथ सोमवार को क्षेत्र में गश्त पर थे तभी उन्होंने सूचना पर फिरोजाबाद जनपद के किसानों के साथ धोखाधड़ी कर चोरी किये गये ट्रैक्टरों की बरामदगी व अभियुक्तगण की गिरफ्तारी के क्रम मे वांछित अभियुक्त देवकी नन्दन पुत्र सियाराम निवासी पैलखू थाना बरसाना मथुरा हाल निवासी विकास नगर थाना हाईवे मथुरा को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मुकदमे की विवेचना के क्रम में यह तथ्य प्रकाश में आये कि टीटू, डब्बू उर्फ समीर ने शिकोहाबाद में कुछ अन्य साथियों के साथ एक ऑफिस खोलकर क्षेत्र के किसानो से उनके ट्रेक्टरो को प्रतिमाह 25000 रूपये मे किराये पर लेने के बहाने ट्रैक्टरों को छल से चोरी करके फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर मथुरा छाता क्षेत्र के रहने वाले मुकेश, भूदेव आदि लोगों के साथ एक संगठित गिरोह बनाकर ट्रैक्टरों को उत्तर प्रदेश के अलग अलग जनपदों बाराबंकी, बुलन्दशहर, हाथरस, अलीगढ़, मुरादाबाद, अमरोहा, सम्भल, गोरखपुर आदि स्थानो पर बेचकर अवैध धन अर्जित किया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पूर्व में कार्यवाही के क्रम में करीब 01 करोड़ 35 लाख की कीमत के 17 ट्रैक्टर बरामद करते हुये 05 अभियुक्तगण की गिरफ्तारी की कार्यवाही की जा चुकी है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।