14 Mar 2026
भोपाल, 14 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शनिवार तड़के गैंगवार का सनसनीखेज मामला सामने आया। अशोका गार्डन के शंकर गार्डन इलाके में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर लल्लू रईस के घर पर करीब 8 से 10 बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में लल्लू रईस के बेटे इमरान के पैर में गोली लग गई। घायल इमरान को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बदमाश वहां भी पहुंच गए और इमरजेंसी गेट के पास फायरिंग कर दी। जानकारी के अनुसार घटना शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे की बताई जा रही है। हमलावर शादाब गेट गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं, जो इमरान का पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंच गए थे। घर के बाहर पहुंचते ही बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जान बचाने के लिए इमरान तुरंत घर के अंदर घुस गया और गेट बंद कर लिया, लेकिन इसी दौरान चली एक गोली उसके पैर में लग गई। इमरान को परिजन तुरंत हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां भी बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस दौरान चली गोलियां अस्पताल की खिड़कियों और दीवारों पर जा लगीं, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद मौके से कारतूस के खाली खोखे भी मिले हैं। हालांकि इस फायरिंग में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की खबर नहीं है। दो साल पुरानी रंजिश को लेकर हमला लल्लू रईस के मुताबिक यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया है। करीब दो साल पहले इमरान ने शादाब गेट के भाई पर हमला किया था, जिसमें उसकी उंगलियां कट गई थीं। उसी घटना का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया। अवैध जुआ-सट्टे को लेकर भी विवाद लल्लू रईस का दावा है कि शहर के कुछ बदमाश अलग-अलग इलाकों में अवैध जुआ और सट्टे का कारोबार चलाते हैं। वह इन गतिविधियों के वीडियो बनाकर पुलिस को देते हैं, जिसके कारण कई बार कार्रवाई हुई और उनका कारोबार बंद हुआ। इसी वजह से आरोपी गिरोह उनसे रंजिश रखता है और उन्हें जान से मारने की कोशिश कर रहा है। पुलिस जांच में जुटी घटना अशोका गार्डन और कोहेफिजा थाना क्षेत्र से जुड़ी बताई जा रही है। सूचना मिलते ही दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। एसीपी अनिल बाजपेयी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। हमीदिया अस्पताल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।