01 Jan 2026
नई दिल्ली, 1 जनवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 और 3 जनवरी को तमिलनाडु का दो दिवसीय दौरा करेंगे।
यह जानकारी देते हुए एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि उपराष्ट्रपति 2 जनवरी को चेन्नई स्थित डॉ. एम.जी.आर. शैक्षिक एवं अनुसंधान संस्थान विश्वविद्यालय के 34वें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
उपराष्ट्रपति इसके बाद ताज कोरोमंडल में राम नाथ गोयनका साहित्य सम्मान समारोह में शामिल होंगे। शाम को वे चेन्नई के कलाइवनार अरंगम में आयोजित सार्वजनिक स्वागत समारोह में भाग लेंगे। इसके बाद लोक भवन में तमिलनाडु के राज्यपाल द्वारा आयोजित नागरिक स्वागत समारोह में भी वे शामिल होंगे।
उपराष्ट्रपति 3 जनवरी को वेल्लोर स्वर्ण मंदिर में श्री शक्ति अम्मा की 50वीं स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। दोपहर में वे चेन्नई के ट्रिप्लिकेन स्थित कलाइवनार अरंगम में 9वें सिद्ध दिवस समारोह में भाग लेंगे।