12 Feb 2026
यमुनानगर, 12 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर के जगाधरी में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार सुबह जगाधरी में एक उद्योगपति के आवास पर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की। यह कार्रवाई छछरौली रोड स्थित कृष्णा मेटल फैक्ट्री से जुड़े मामले में की गई बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, केंद्रीय एजेंसी की टीम सुबह पंजाब पंजीकरण संख्या वाले वाहनों से पहुंची और सीधे आवास परिसर में प्रवेश कर दस्तावेजों की जांच प्रारंभ की। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। आवास के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है और परिसर में आने-जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। सूत्रों के मुताबिक, जांच दल ने घर के भीतर मौजूद लोगों की गतिविधियों पर निगरानी रखी हुई है तथा बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश को भी सीमित किया गया है। प्राथमिक स्तर पर फैक्ट्री संचालक का नाम संदीप बताया जा रहा है। हालांकि, ईडी की ओर से आधिकारिक रूप से न तो कार्रवाई के कारणों का खुलासा किया गया है और न ही किसी प्रकार का औपचारिक बयान जारी किया गया है। सूत्रों का कहना है कि वित्तीय अभिलेखों, लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। माना जा रहा है कि जांच का संबंध संभावित आर्थिक अनियमितताओं या वित्तीय लेन-देन से जुड़े किसी प्रकरण से हो सकता है। छापेमारी को कई घंटे बीत जाने के बावजूद एजेंसी की कार्रवाई जारी है। स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।