13 Feb 2026
भागलपुर, 13 फ़रवरी (हि.स.)। बिहार में भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने लोकसभा में पीरपैंती थर्मल पावर की प्रगति के बारे में केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री से प्रश्न संख्या 2256 के माध्यम से प्रश्न पूछा था। जिसका जवाब मंत्री की तरफ से प्राप्त हुआ है। उत्तर में बताया गया है कि बिहार सरकार ने भागलपुर जिले के पीरपैंती में प्रस्तावित 2,400 मेगावाट (3×800 मेगावाट) के अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल ताप विद्युत संयंत्र के विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। टैरिफ आधारित प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के माध्यम से इस परियोजना के लिए अडानी पॉवर लिमिटेड का चयन किया गया है। 06 अगस्त 2025 को कंपनी को आशय पत्र जारी कर दिया गया है। वर्तमान में परियोजना के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत शेष है। बिहार सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, सफल बोलीदाता कंपनी को सभी आवश्यक वैधानिक मंजूरियां प्राप्त करने तथा परियोजना के अंतर्गत ऐश डाइक, कोयला यार्ड, जल उपयोग व्यवस्था एवं वायु प्रदूषण नियंत्रण तंत्र के लिए विस्तृत योजनाएं प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। परियोजना में पर्यावरणीय मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। यह परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी। अनुमान है कि इससे लगभग 10,000 से 12,000 लोगों को निर्माण कार्य के दौरान तथा लगभग 3,000 लोगों को प्रचालन चरण में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इसके अतिरिक्त, स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, किसानों एवं ग्रामीण परिवारों को विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी तथा क्षेत्र की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी। सांसद ने आशा व्यक्त किया है कि यह पहल भागलपुर के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा देगी।