18 Feb 2026
गुवाहाटी, 18 फरवरी (हि.स.)। केंद्र सरकार की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने असम-मेघालय कैडर के अखिलेश कुमार सिंह समेत 13 भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों को केंद्र में महानिरीक्षक (आईजी) या समकक्ष पद पर नियुक्ति के लिए मंजूरी प्रदान की है। इस संबंध में आदेश मंगलवार को जारी किया गया। केंद्र की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्रथम समीक्षा के तहत जिन अधिकारियों को स्वीकृति मिली है, उनमें मनोज कौशिक (झारखंड, 2001 बैच), डुंबेरे मिलिंद महादेव (एजीएमयूटी, 2006 बैच), एस. प्रेमलता (बिहार, 2006 बैच), आरवी असारी (गुजरात, 2006 बैच), चंद्र किशोर मीणा (महाराष्ट्र, 2006 बैच), बी. सुमथि (तेलंगाना, 2006 बैच), आकाश कुल्हारी (उत्तर प्रदेश, 2006 बैच) और मनोज कुमार (उत्तर प्रदेश, 2006 बैच) शामिल हैं। वहीं द्वितीय समीक्षा के अंतर्गत अखिलेश कुमार सिंह (असम-मेघालय, 2003 बैच), अशोक कुमार (गुजरात, 2003 बैच), एच. थांगहाउलियन गांगटे (मणिपुर, 2003 बैच) और मनोज तिवारी (सिक्किम, 2003 बैच) को स्वीकृति दी गई है। इसके अतिरिक्त ध्रुव गुप्ता (चंडीगढ़, 2005 बैच) का नाम प्रारंभिक रूप से स्थगित श्रेणी में रखा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सूची में अधिकारियों के नाम उनकी अंतर-वरिष्ठता के क्रम में नहीं हैं।